मध्य प्रदेश खेल अकादमी में प्रवेश का सुनहरा मौका, उज्जैन में होगा आर्चरी और हॉकी टैलेंट सर्च

7 जुलाई को आर्चरी और 11 जुलाई को हॉकी (पुरुष) वर्ग का होगा चयन, फिटनेस टेस्ट के आधार पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा मध्य प्रदेश खेल अकादमी में प्रवेश का अवसर

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें राज्य स्तर की उत्कृष्ट प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न खेल अकादमियों में प्रवेश हेतु टैलेंट सर्च कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस पहल के तहत उज्जैन जिले में आर्चरी और हॉकी (पुरुष) खेल के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

जिला खेल कार्यालय के अनुसार चयन प्रक्रिया पूरी तरह फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगी। प्रारंभिक चयन में सफल खिलाड़ी आगामी चरणों में मध्य प्रदेश खेल अकादमी में प्रवेश के लिए पात्र होंगे, जहां उन्हें उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

आर्चरी टैलेंट सर्च का आयोजन 7 जुलाई 2026 को स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्टेडियम, नानाखेड़ा, उज्जैन में दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक किया जाएगा। वहीं हॉकी (पुरुष) वर्ग के खिलाड़ियों के लिए 11 जुलाई 2026 को शासकीय पॉलीटेक्निक खेल मैदान, देवास रोड, उज्जैन में शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे तक चयन प्रक्रिया आयोजित होगी।

आर्चरी टैलेंट सर्च की जिम्मेदारी राखी चौहान, जिला खेल प्रशिक्षक और मोहनलाल बंसोरिया, मल्लखंब प्रशिक्षक को सौंपी गई है। वहीं हॉकी (पुरुष) टैलेंट सर्च के लिए नरेन्द्र श्रीवास्तव, जिला खेल प्रशिक्षक और प्रियंका भदौरिया, हॉकी प्रशिक्षक को प्रभारी बनाया गया है।

खेल विभाग ने जिले के इच्छुक खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। चयनित खिलाड़ियों को मध्य प्रदेश खेल अकादमियों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खुद को तैयार कर सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button