महिदपुर की ग्राम पंचायतों का निरीक्षण करने पहुंचे जिला पंचायत सीईओ, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ किया पौधारोपण
श्रेयांस कुमट ने निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य केंद्र और जल निगम परियोजनाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश

शुक्रवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रेयांस कुमट द्वारा जनपद पंचायत महिदपुर की ग्राम पंचायत ढाबलीकम्मा, गोगापुर, कोयल, झुटावद, कंथारिया, झारडा एवं कानाखेडीएकलासपुर के ग्राम करनावद का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत ढाबलीकम्मा में सामुदायिक शेड निर्माण, शांतिधाम में सीसी रोड का निरीक्षण कर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिये गये। ग्राम पंचायत गोगापुर में शांतिधाम परिसर में सामुदायिक वृक्षारोपण का शुभारम्भ किया गया एवं शांतिधाम परिसर की प्रगतिरत बाउण्ड्रीवाल का निरीक्षण कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये।
ग्राम पंचायत कोयल में उद्यानिकी विभाग के हितग्राही मेहरबान सिंह पिता मांगूसिंह के अमरूद के बगीचे का निरीक्षण किया गया। ग्राम पंचायत झुटावद में सामुदायिक भवन प्रगतिरत कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये गये। ग्राम पंचायत कानाखेडी एकलासपुर के ग्राम करनावद में जल निगम द्वारा प्रगतिरत कार्य का निरीक्षण किया एवं जल निगम को रोड़ रिस्टोरेशन के निर्देश दिये गये। ग्राम पंचायत कंथारिया में प्रगतिरत अटल पंचायत भवन का निरीक्षण कर परिसर में वृक्षारोपण करने के निर्देश दिये गये। ग्राम पंचायत झारडा में स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण के पश्चात शासकीय चिकित्सालय का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये गये।
भ्रमण के दौरान अजय हिंगे अनुविभागीय अधिकारी, डॉ. मारीषा शिंदे प्रभारी उपायुक्त, कमल पाटीदार, अक्षय मूणत, प्रेमनारायण कोशल उपयंत्री, संदीप कुमार, जनपद पंचायत महिदपुर एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।