बारिश में हादसे रोकने की तैयारी, नगर निगम ने जर्जर भवन हटाने का अभियान तेज किया
नोटिस के बाद भी भवन नहीं हटाने पर नगर निगम की कार्रवाई, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सभी जोनों में जर्जर भवनों का सर्वे तेज करने के दिए निर्देश।
उज्जैन। मानसून के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर और गिराऊ भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम की टीम ने जोन क्रमांक-3 क्षेत्र में एक अत्यंत जर्जर भवन को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। निगम का कहना है कि यह कार्रवाई जन-धन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई।

जानकारी के अनुसार आर्य समाज मार्ग और डाबरी पीठा क्षेत्र स्थित नितेश बाली, पूजा बाली एवं आकाश सोनी के स्वामित्व वाला भवन लंबे समय से खतरनाक स्थिति में था। भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वयं भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय-सीमा तक कार्रवाई नहीं होने पर नगर निगम ने अपने स्तर पर भवन को हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि आसपास के रहवासियों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी या खतरा न हो। भवन अधिकारी राजकुमार राठौर और भवन शाखा के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई।
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश के मौसम को देखते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में जर्जर और गिराऊ भवनों का सर्वे कर उन्हें तत्काल चिन्हित किया जाए। ऐसे भवनों के मालिकों को नियमानुसार नोटिस जारी कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विशेष रूप से प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में स्थित खतरनाक भवनों को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की संभावना को रोका जा सके। साथ ही भवन स्वामियों से भी अपील की गई है कि वे अपने जर्जर भवनों को स्वयं हटाकर प्रशासन का सहयोग करें।



