काल भैरव मंदिर के बाहर पानी बेचने को लेकर विवाद, दो पक्षों में मारपीट; पुलिस ने दर्ज किया क्रॉस केस

पानी बेचने के लिए रोजाना ₹100 मांगने का आरोप, कहासुनी के बाद पाइप और डंडे से मारपीट; पुलिस वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी

उज्जैन। भैरवगढ़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर के बाहर पानी की बोतल बेचने को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पानी बेचने की अनुमति और रुपए की मांग को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चकभीतरी निवासी जीवन पिता चंदर सिंह चावड़ा अपने बड़े भाई लखन चावड़ा के साथ काल भैरव मंदिर के बाहर पानी की बोतलें बेच रहा था। जीवन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इसी दौरान संदीप पिता स्वर्गीय गब्बर सिंह, अनिल चावड़ा, बंटी चावड़ा सहित एक अन्य युवक वहां पहुंचे। जीवन का कहना है कि उससे मंदिर के बाहर पानी बेचने के एवज में प्रतिदिन 100 रुपए देने की मांग की गई। उस दिन के भी 100 रुपए मांगे जाने की बात शिकायत में कही गई है।

रुपए देने से इनकार पर बढ़ा विवाद

जीवन के मुताबिक, उसने रुपए देने से मना किया तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पहले उसके साथ गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी गई। शिकायत के अनुसार, एक युवक ने उसे पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने लोहे की पाइप से हमला किया। इस दौरान डंडे से मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

वहीं, विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद साधु-संतों और अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग कराया। घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

दोनों पक्षों ने पुलिस को दी शिकायत

मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। जीवन ने अपनी शिकायत में मारपीट के अलावा धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसे दोबारा मंदिर के बाहर पानी बेचने आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस कायमी की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना से संबंधित वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है। जांच के बाद विवाद की वास्तविक स्थिति और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।

पुलिस वीडियो फुटेज की भी कर रही जांच

सीएसपी पुष्पा प्रजापति के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना के वीडियो सहित उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button