मध्य प्रदेश के 1.22 लाख मेधावी छात्रों को मिलेंगे 25 हजार रुपये, लैपटॉप खरीदने के लिए सरकार देगी सहायता
12वीं में प्रथम प्रयास में 75% या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों के खातों में 1 सितंबर को 304.98 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर होगी

भोपाल, 31 अगस्त। मध्य प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक हासिल करने वाले करीब 1 लाख 22 हजार विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1 सितंबर को भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में यह राशि अंतरित करेंगे। इस योजना के तहत सरकार कुल 304 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि विद्यार्थियों को देगी।
मेधावी छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की पहल
स्कूल शिक्षा विभाग की प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के माध्यम से यह सहायता प्रदान की जा रही है। योजना का उद्देश्य अच्छे प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा के संसाधनों से जोड़ना है।
लैपटॉप मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, ई-लर्निंग प्लेटफॉर्म, डिजिटल अध्ययन सामग्री और अन्य तकनीकी संसाधनों का उपयोग करने में सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि डिजिटल संसाधनों तक बेहतर पहुंच विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा की तैयारी को भी मजबूत करेगी।
1 सितंबर को होगा राशि का अंतरण
इस वर्ष योजना के लिए चयनित करीब 1.22 लाख विद्यार्थियों के खातों में 25-25 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। सरकार की यह पहल प्रदेश के मेधावी छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



