उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चोरी के मोबाइल बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5 फोन जब्त
जीआरपी की कार्रवाई में करीब 1 लाख रुपये कीमत के मोबाइल बरामद, सायबर सेल की मदद से एक अन्य आरोपी भी पकड़ा गया

उज्जैन। रेलवे स्टेशन पर चोरी के मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को जीआरपी ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 5 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जीआरपी की टीम प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल मिले। पूछताछ में मोबाइल चोरी के होने की जानकारी सामने आई।
मामले की जांच में पुलिस ने सायबर सेल की तकनीकी सहायता भी ली। जांच के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ कर मोबाइल चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुणे से जुड़ा आरोपी भी पकड़ाया
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में पुणे निवासी आनंद नगर का एक आरोपी भी शामिल है। उसके खिलाफ मोबाइल चोरी से संबंधित पूर्व मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मोबाइल किन घटनाओं से संबंधित हैं और इस गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं।
जीआरपी का कहना है कि रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।



