सिकंदरी गांव में NDRF ने ग्रामीणों को सिखाए आपदा से बचाव के जरूरी तरीके
CPR, रक्तस्राव रोकने, सांप के काटने पर प्राथमिक उपचार और भूकंप से बचाव का दिया प्रशिक्षण

उज्जैन, 1 सितंबर। आपात स्थिति में ग्रामीणों को बेहतर ढंग से तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को सिकंदरी गांव के ग्राम पंचायत भवन में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की 11वीं बटालियन की उप-टीम ने सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिला-पुरुषों को विभिन्न आपदाओं के दौरान बचाव और प्राथमिक उपचार के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
निरीक्षक श्रीनिवास मीना के नेतृत्व में 11 सदस्यीय NDRF टीम ने ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन की जानकारी देने के साथ जीवन बचाने वाली तकनीकों का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के दौरान CPR, FBAO, रक्तस्राव रोकने, ड्रेसिंग और बैंडेजिंग जैसी प्राथमिक चिकित्सा विधियों के बारे में बताया गया।
बचाव के तरीकों का दिया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में टीम ने सीमित संसाधनों से इम्प्रोवाइज्ड स्ट्रेचर तैयार करने और घायल व्यक्ति को सुरक्षित तरीके से स्थानांतरित करने की तकनीक समझाई। इसके साथ ही फ्लोटिंग डिवाइस के इस्तेमाल का भी प्रदर्शन किया गया।
ग्रामीणों को भूकंप के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रिया, सांप के काटने पर प्राथमिक उपचार और आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी गई। NDRF टीम ने आपदा से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए दामिनी, फ्लड वॉच और सचेत ऐप के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में पर्वत लाल मालवीया की मौजूदगी में कुल 42 महिला और पुरुष ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान ग्रामीणों ने आपदा के समय उपयोगी साबित होने वाली तकनीकों को समझा और NDRF के जागरूकता कार्यक्रम की सराहना की।



