महाकाल मंदिर की सुरक्षा पर सांसद अनिल फिरोजिया की चिंता, अमित शाह और सीएम को लिखा पत्र
देवास में संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर महाकाल मंदिर में सीआरपीएफ तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की।

देवास में एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा को लेकर सांसद अनिल फिरोजिया ने चिंता जताई है। सांसद ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव को पत्र लिखकर महाकाल मंदिर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की तैनाती की मांग एक बार फिर उठाई है।
सांसद फिरोजिया ने पत्र में कहा है कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र महाकाल मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाने पर भी जोर दिया। फिरोजिया ने बताया कि वे पूर्व में भी महाकाल मंदिर की सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार के समक्ष सीआरपीएफ तैनाती की मांग रख चुके हैं। देवास में संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद इस मांग की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। सांसद ने उज्जैन रेंज के आईजी राकेश गुप्ता से भी चर्चा कर महाकाल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा तथा आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी जरूरी उपाय किए जाने चाहिए।



