चार साल पूरे होने पर महापौर मुकेश टटवाल ने बाबा महाकाल के समक्ष पेश किया विकास का रिपोर्ट कार्ड, सिंहस्थ 2028 को लेकर दोहराया संकल्प

महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना कर शहर के विकास कार्यों का किया उल्लेख, सवारी मार्ग चौड़ीकरण, हॉकर्स जोन और नागरिक सुविधाओं को अगले एक वर्ष की प्राथमिकता बताया।

उज्जैन। उज्जैन नगर निगम बोर्ड के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर महापौर मुकेश टटवाल ने बुधवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन किए और नगर निगम के पिछले चार वर्षों के विकास कार्यों को श्रद्धापूर्वक भगवान के चरणों में समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने शहर के निरंतर विकास, समृद्धि और नागरिकों के कल्याण की कामना करते हुए आगामी एक वर्ष में विकास कार्यों को और अधिक गति देने का संकल्प भी व्यक्त किया।

महापौर ने कहा कि पिछले चार वर्षों में नगर निगम ने सड़क निर्माण, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। इसके साथ ही सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए अधोसंरचना विकास की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उज्जैन को नई विकास गति मिली है। शहर में प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण, आधुनिक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बहुमंजिला आवासों का निर्माण तथा विभिन्न नागरिक सुविधाओं के विस्तार जैसे कार्य पूरे किए गए हैं। स्वच्छता अभियान और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धियों का भी उन्होंने उल्लेख किया।

सवारी मार्ग के विकास को मिलेगी प्राथमिकता

महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि आगामी अवधि में बाबा महाकाल की पारंपरिक सवारी मार्ग के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और आधुनिक सुविधाओं के विकास को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। सिंहस्थ महापर्व और महाकाल की सवारी के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, नालियों, पार्किंग और यातायात प्रबंधन से जुड़े कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।

छोटे व्यापारियों के लिए भी बनेगी बेहतर व्यवस्था

उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ छोटे और फुटकर व्यापारियों की आजीविका का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए हॉकर्स जोन और व्यवस्थित व्यापारिक क्षेत्रों के विकास पर कार्य किया जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुए बिना व्यापारियों को बेहतर स्थान उपलब्ध कराया जा सके।

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को मिलेगी नई रफ्तार

महापौर ने कहा कि आने वाले एक वर्ष में सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए सड़क, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और शहरी अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं को और तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल वर्तमान आवश्यकताओं को पूरा करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए आधुनिक, व्यवस्थित और गौरवशाली उज्जैन का निर्माण करना है।

चक्रतीर्थ विकास परियोजना, हॉकर्स जोन, महाकाल सवारी मार्ग के विकास और मंछामन क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मल्टी स्टोरी आवास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है।

महापौर ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी और विश्वास के साथ उज्जैन को देश के सबसे व्यवस्थित, स्वच्छ और सुविधाजनक धार्मिक शहरों में शामिल करने का लक्ष्य लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button