अर्जी वाले हनुमान मंदिर में 101 जोड़ों ने किया महारुद्राभिषेक, विदेशों से भी पहुंचे श्रद्धालु

श्रावण मास के विशेष अनुष्ठान में थाईलैंड, हांगकांग और सिंगापुर के भक्त हुए शामिल; 81 फीट ऊंची प्रतिमा निर्माण की तैयारी भी शुरू

उज्जैन। निपानिया-बड़नगर रोड स्थित अर्जी वाले हनुमान मंदिर में श्रावण मास के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। यहां 101 दंपतियों ने भगवान हनुमान का महारुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की। आयोजन में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालुओं के साथ विदेशों से पहुंचे भक्त भी शामिल हुए।

मंदिर परिसर में 29 जुलाई से 25 अगस्त तक चल रहे श्रावण और गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान यह अनुष्ठान आयोजित किया गया। इसमें थाईलैंड, हांगकांग और सिंगापुर से आए श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

श्रद्धालुओं ने लिया सेवा का संकल्प

आयोजन में शामिल दंपतियों ने अपने परिजनों के जन्मदिन अथवा विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर मंदिर परिसर में थाली का संकल्प लेने की पहल की। मंदिर से जुड़े आयोजकों के अनुसार, प्राप्त सहयोग का उपयोग अन्नदान, संत सेवा, धर्म प्रचार और आगामी सिंहस्थ महाकुंभ की व्यवस्थाओं के साथ जनकल्याणकारी गतिविधियों में किया जाएगा।

81 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा की तैयारी

मंदिर परिसर में 81 फीट ऊंची अर्जी वाले हनुमान जी की प्रतिमा के निर्माण की दिशा में भी कार्य शुरू होने जा रहा है। प्रतिमा पर स्वर्ण मुकुट और स्वर्ण गदा स्थापित किए जाने की योजना है। सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वातानुकूलित कक्ष विकसित करने की तैयारी भी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button