माधव नगर अस्पताल में मरीजों के परिजनों के लिए तैयार हुआ सुविधायुक्त उद्यान

महापौर मुकेश टटवाल ने किया निरीक्षण, करीब 10 लाख रुपए की लागत से महापौर मद से विकसित किया गया गार्डन

उज्जैन। माधव नगर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को अब अस्पताल परिसर में ही बैठने और कुछ समय आराम करने के लिए बेहतर जगह उपलब्ध होगी। नगर निगम ने महापौर मद से करीब 10 लाख रुपए की लागत से अस्पताल परिसर में सुविधाओं से युक्त उद्यान विकसित किया है। शुक्रवार को महापौर मुकेश टटवाल ने उद्यान का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अस्पताल परिसर में विकसित किए गए इस उद्यान का उद्देश्य मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को स्वच्छ, शांत और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां बैठने के लिए कुर्सियों के साथ पेवर ब्लॉक, हरी घास और फाउंटेन जैसी सुविधाएं तैयार की गई हैं।

उद्यान को आकर्षक बनाने के लिए वॉल पेंटिंग और लाइटिंग भी की गई है। इसके अलावा बारिश के पानी के संरक्षण के लिए रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। नए उद्यान से अस्पताल परिसर की सुंदरता बढ़ने के साथ वातावरण को भी अधिक सकारात्मक बनाने का प्रयास किया गया है।

निरीक्षण के दौरान महापौर मुकेश टटवाल ने व्यवस्थाओं को देखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर उपचार के साथ उनके परिजनों के लिए भी सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रतिनिधि अभय विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, कैलाश प्रजापत, पार्षद गजेंद्र हिरवे, पार्षद प्रतिनिधि घनश्याम गोड, जोनल अधिकारी जितेंद्र पाल सिंह जादौन और उपयंत्री पूजा जायसवाल मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button