सिंहस्थ-2028: सात दिन में मेला क्षेत्र के जोन तय कर तैयार होगी विस्तृत कार्ययोजना, संभागायुक्त आशीष सिंह ने दिए निर्देश

श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सड़क, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन पर फोकस; प्रस्तावित अंडरपास व अस्थायी सड़कों की योजना जल्द बनाने के निर्देश

उज्जैन, 8 अगस्त 2026। सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में सिंहस्थ मेला कार्यालय में संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए आवागमन, पार्किंग, सड़क कनेक्टिविटी, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और भीड़ प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संभागायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ मेला क्षेत्र की आवश्यकताओं का आकलन कर सभी व्यवस्थाओं की ठोस और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

सात दिन में मेला क्षेत्र के जोन तय करने के निर्देश

संभागायुक्त आशीष सिंह ने मेला क्षेत्र को अलग-अलग जोन में विभाजित करने और प्रत्येक जोन के लिए उसकी जरूरत के अनुसार अलग कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अगले सात दिनों में प्रस्तावित जोन का निर्धारण कर उनकी विस्तृत योजना तैयार की जाए।

प्रत्येक जोन में सड़क, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां भी तय करने पर जोर दिया गया।

अंडरपास और अस्थायी सड़कों की बनेगी योजना

सिंहस्थ के दौरान मेला क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। संभागायुक्त ने प्रस्तावित अंडरपास निर्माण, मेला क्षेत्र में लेवलिंग तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही को आसान बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर अस्थायी सड़कों के निर्माण की कार्ययोजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों से कहा गया कि मेला क्षेत्र में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों का अध्ययन कर ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

पार्किंग स्थलों का होगा भूमि चिन्हांकन

सिंहस्थ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और वाहनों के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को भी बैठक में प्रमुखता से लिया गया। संभागायुक्त ने प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के लिए भूमि का चिन्हांकन कर विस्तृत पार्किंग प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही नवनिर्मित स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।

समन्वय के साथ समयसीमा में पूरे हों सभी काम

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सिंहस्थ-2028 की तैयारियों से जुड़े कार्यों को केवल विभागीय स्तर पर नहीं, बल्कि आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाए। मेला क्षेत्र में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं की योजना तैयार करने और निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button