वार्ड 48 में सीवरेज कनेक्शन कार्य का निगम आयुक्त ने लिया जायजा, जल्द पूरा करने के निर्देश
अभिषेक नगर, कीर्ति परिसर और वृंदावनधाम कॉलोनी में निरीक्षण; गुणवत्ता के साथ सड़क बहाली और जलभराव रोकने पर दिया जोर

उज्जैन। अमृत 2.0 योजना के तहत शहर में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कनेक्शन कार्यों की नगर निगम स्तर पर निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने वार्ड क्रमांक 48 के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर सीवरेज लाइन कनेक्शन की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिषेक नगर, कीर्ति परिसर और वृंदावनधाम कॉलोनी में चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अभिषेक नगर में शेष कनेक्टिविटी जल्द पूरी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने अभिषेक नगर में किए जा रहे घरेलू सीवरेज कनेक्शनों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि करीब 6 मीटर कनेक्टिव लाइन का कार्य अभी शेष है। संबंधित एजेंसी को इसे जल्द पूरा करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सीवरेज कनेक्शन का काम केवल तेजी से पूरा करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कनेक्शन को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाना जरूरी है।
कीर्ति परिसर में चैंबर से कनेक्शन जोड़ने पर फोकस
इसके बाद निगम आयुक्त ने कीर्ति परिसर पहुंचकर घरों से संबंधित सीवरेज कनेक्शनों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित टीम को घरेलू कनेक्शनों को सीवरेज चैंबर से व्यवस्थित तरीके से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने एजेंसी के प्रतिनिधि और कंसल्टेंट से कहा कि निर्माण के दौरान घरों के सामने जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। कनेक्शन का काम पूरा होने के बाद खोदी गई सड़क और आसपास के हिस्से को भी व्यवस्थित रूप से बहाल करने के निर्देश दिए गए।
वृंदावनधाम कॉलोनी में समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
वृंदावनधाम कॉलोनी में भी निगम आयुक्त ने सीवरेज कनेक्शन कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी को काम को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने कहा कि सीवरेज कनेक्शन सीधे तौर पर शहरवासियों की सुविधा से जुड़ा विषय है। इसलिए काम के दौरान गुणवत्ता, समयसीमा और नागरिक सुविधा, तीनों पहलुओं का ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि निर्माण कार्य के कारण स्थानीय रहवासियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, अधीक्षण यंत्री प्रमोद मालवीय, कार्यपालन यंत्री साहिल मैदावाला, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल अग्रवाल, कंसल्टेंट आशीष जैन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



