महाकाल की राजसी सवारी से पहले कंठाल-छत्री चौक मार्ग का काम तेज, रात में भी जारी रहेगा निर्माण

नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने किया निरीक्षण, सतीगेट से कंठाल तक सड़क, पेवर ब्लॉक और चौराहा निर्माण को तय समय में पूरा करने के निर्देश

उज्जैन।बाबा महाकाल की राजसी सवारी को देखते हुए उज्जैन नगर निगम ने सवारी मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण कार्यों को तेज कर दिया है। कंठाल चौराहा से छत्री चौक तक चल रहे निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के लिए दिन के साथ अब रात्रिकालीन शिफ्ट में भी काम किया जा रहा है। मंगलवार सुबह निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राजसी सवारी से पहले सवारी मार्ग से जुड़े सभी शेष कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। कंठाल चौराहे पर करीब 500 वर्ग मीटर क्षेत्र में नए स्वरूप में चौराहा विकसित करने का काम जारी है। वहीं सतीगेट से कंठाल चौराहा तक एक ओर करीब 60 मीटर पीक्यूसी सड़क का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है।

कुल करीब 410 मीटर लंबे मार्ग में शेष हिस्से पर भी पीक्यूसी सड़क निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का प्रयास है कि सवारी के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

सतीगेट और कंठाल चौराहे के काम पर विशेष जोर

निगम आयुक्त ने सतीगेट पर चल रहे आरसीसी कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही करीब 25 मीटर हिस्से में कोबल स्टोन लगाने और साइड रोड पर पेवर ब्लॉक बिछाने का काम भी निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया।

कंठाल चौराहे के निर्माण को लेकर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को डीएलसी के बाद आरसीसी कार्य पूरा करने तथा पेवर ब्लॉक लगाने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग के अधिकारियों से मार्ग में पेयजल सप्लाई लाइन को भी दुरुस्त कराने को कहा, ताकि सड़क निर्माण के बाद दोबारा खुदाई की स्थिति न बने।

रात में भी चलेगा निर्माण कार्य

राजसी सवारी से पहले काम पूरा करने के लिए निगम प्रशासन ने निर्माण एजेंसी को दिन के साथ रात्रिकालीन शिफ्ट में भी काम करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कार्य निर्धारित अवधि के भीतर पूरे हों।

निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री डीएस परिहार, शिवम दुबे, भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता, जोनल अधिकारी सुनील जैन सहित संबंधित निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button