84 महादेव की झांकियों के साथ कल निकलेगी महाकाल की सवारी, CM मोहन यादव हो सकते हैं शामिल
भादौ की पहली और पांचवीं सवारी में दिखेगा 84 महादेव का स्वरूप; शाम 4 बजे मंदिर से रवाना होगी सवारी, कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन

उज्जैन। बाबा महाकाल की भादौ माह की पहली सवारी सोमवार को धार्मिक उल्लास के बीच निकलेगी। यह इस वर्ष की क्रम में पांचवीं सवारी होगी। खास बात यह है कि इस बार सवारी में 84 महादेव की झांकियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सवारी में शामिल हो सकते हैं।
महाकालेश्वर मंदिर से निकलने वाली सवारी में बाबा महाकाल की पालकी के साथ 84 महादेव के स्वरूपों की झांकियां रहेंगी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव सवारी में शामिल होकर शिप्रा तट तक भी मौजूद रह सकते हैं।
शाम 4 बजे मंदिर से निकलेगी सवारी
परंपरा के अनुसार मंदिर के सभा मंडप में पूजन-अर्चन के बाद बाबा महाकाल की पालकी शाम करीब 4 बजे मंदिर से रवाना होगी। निर्धारित मार्गों से होते हुए सवारी शहर भ्रमण करेगी और रात करीब 8 बजे वापस मंदिर पहुंचेगी।
अलग-अलग स्वरूपों में दर्शन देंगे बाबा महाकाल
पंडित महेश पुजारी के अनुसार पांचवीं सवारी में बाबा महाकाल के अलग-अलग स्वरूपों के दर्शन होंगे। चांदी की पालकी में भगवान चंद्रमोलेश्वर, हाथी पर श्री मनमहेश, गरुड़ रथ पर श्री शिव तांडव, नंदी रथ पर श्री उमा-महेश और डोल रथ पर होलकर स्टेट की पारंपरिक छवि में बाबा महाकाल विराजित होंगे।
अगली राजसी सवारी में सप्तधातु के मुखौटे को शामिल किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
सवारी को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव
महाकाल की सवारी के दौरान शहर के कई प्रमुख क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कोट मोहल्ला, गुदरी, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, हरसिद्धि, रामघाट, कार्तिक चौक, ढाबा रोड, टंकी चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार नो-एंट्री क्षेत्र में रहेंगे।
प्रशासन ने लोगों से देवासगेट, इंदौरगेट, दौलतगंज, बेगमबाग, महाकाल घाटी, हरसिद्धि, गुदरी, दानीगेट, ढाबा रोड, जूना सोमवारिया और केडी गेट की ओर जाने से बचने की अपील की है।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
रतलाम, नागदा, मंदसौर और नीमच की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं देवासगेट बस स्टैंड से हरिफाटक की ओर जाने वाली बसों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।



