नेपाल में फंसे मध्यप्रदेश के लोगों की मदद के लिए सरकार सक्रिय, दिल्ली में कंट्रोल रूम स्थापित
सीएम डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन-व्हाट्सऐप नंबर जारी

भोपाल। नेपाल में सामने आई आपदा के बीच मध्यप्रदेश सरकार ने वहां फंसे प्रदेश के नागरिकों की सहायता के लिए कदम तेज कर दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार अपने नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
नेपाल में फंसे मध्यप्रदेश के लोगों तक जरूरी सहायता और जानकारी पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की ओर से नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से नेपाल में मौजूद प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों से संपर्क कर उनकी आवश्यक मदद सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार ने सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सऐप नंबर और ईमेल भी जारी किए हैं। नेपाल में फंसे नागरिक या उनके परिवारजन किसी भी जरूरी जानकारी अथवा सहायता के लिए इन माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं।
हेल्पलाइन: 011-26772005
व्हाट्सऐप: 9818963273
ईमेल: recp1mpbhawan@mp.gov.in
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आपदा की स्थिति में प्रदेश के नागरिकों को समय पर सहायता उपलब्ध हो और जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।



