उज्जैन में विकास कार्यों का निरीक्षण: महापौर मुकेश टटवाल ने अलखधाम कॉम्प्लेक्स और मंछामन आवास परियोजना में दिए सख्त निर्देश

अलखधाम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की शेष दुकानों के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी होगी, मंछामन ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना समय पर पूरी कर हितग्राहियों को सौंपने पर जोर

उज्जैन। शहर में अधोसंरचना विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के उद्देश्य से महापौर मुकेश टटवाल ने गुरुवार को दो प्रमुख परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अलखधाम स्थित निर्माणाधीन मंशापूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मंछामन ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना का जायजा लेते हुए अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

महापौर ने स्पष्ट किया कि विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयसीमा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

अलखधाम शॉपिंग कॉम्प्लेक्स अगस्त तक तैयार करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि अलखधाम स्थित मंशापूर्ण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम द्वारा विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में 118 दुकानें और 30 कार्यालय शामिल हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉम्प्लेक्स में शेष फिनिशिंग, फ्रंट एरिया, लिफ्ट स्थापना एवं अन्य छोटे-बड़े कार्यों को अगस्त माह के भीतर पूरा किया जाए, ताकि परियोजना का शीघ्र संचालन शुरू किया जा सके।

56 रिक्त दुकानों और कार्यालयों के लिए जल्द निकलेगी विज्ञप्ति

महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कॉम्प्लेक्स में उपलब्ध 56 रिक्त दुकानों एवं कार्यालयों के आवंटन के लिए शीघ्र विज्ञप्ति जारी की जाए। साथ ही परिसर की ड्राइंग, डिजाइन, सूचना पटल और फ्लेक्स के माध्यम से नागरिकों को परियोजना संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

अलखधाम मल्टी के बाहर बिजली के पोल और तार होंगे अंडरग्राउंड

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अलखधाम मल्टी परिसर के बाहर लगे विद्युत पोल एवं ओवरहेड बिजली तारों को अंडरग्राउंड शिफ्ट करने की कार्ययोजना तैयार की जाए। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा, सौंदर्य और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

मंछामन ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना जल्द होगी पूरी

इसके बाद महापौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मंछामन क्षेत्र में निर्माणाधीन ईडब्ल्यूएस आवास परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराए जाएं।

नगर निगम के अनुसार परियोजना के तहत 6 ब्लॉकों में कुल 288 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें आई और जे ब्लॉक का कार्य लगभग 95 प्रतिशत, जबकि सी और डी ब्लॉक का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष ब्लॉकों का निर्माण भी अंतिम चरण में है।

मजदूरों की सुरक्षा पर विशेष जोर

महापौर ने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि कार्यस्थल पर मजदूरों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा नेट लगाने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पूर्व में हुई दुर्घटनाओं में मृत मजदूरों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार निभाएं।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य डॉ. योगेश्वरी राठौर, रजत मेहता, उपायुक्त मनोज मौर्य, कार्यपालन यंत्री जगदीश मालवीय, सहायक यंत्री निर्झर शुक्ला, संबंधित कंसल्टेंट एजेंसी के प्रतिनिधि एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button