इंदौर में 12 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’, राहुल गांधी करेंगे युवाओं से सीधा संवाद

कंसर्ट से होगी कार्यक्रम की शुरुआत, इसके बाद Gen-Z के सवालों का राहुल गांधी देंगे जवाब; नेहरू स्टेडियम को लेकर तैयारी तेज

इंदौर। इंदौर में 12 सितंबर को युवाओं और छात्रों से जुड़ा ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी युवाओं और Gen-Z से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम के दौरान देश और मध्य प्रदेश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की यह श्रृंखला पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में आयोजित की जा चुकी है। इसी क्रम में अब इंदौर में कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है। आयोजन की शुरुआत कंसर्ट से होगी, जिसके बाद राहुल गांधी युवाओं से संबंधित विषयों पर अपनी बात रखेंगे।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण युवाओं और राहुल गांधी के बीच सीधा सवाल-जवाब सत्र रहेगा। इसमें युवा अपने सवाल रख सकेंगे और राहुल गांधी उनसे संवाद करेंगे।

आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू इंदौर पहुंचे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम में किसी चर्चित गायक या संगीत समूह की प्रस्तुति भी हो सकती है। कलाकार के नाम को लेकर अंतिम निर्णय दिल्ली स्तर से किए जाने की बात सामने आई है।

कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम को आरक्षित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजकर स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button