उज्जैन को 5 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, गंधर्व तालाब और पुरुषोत्तम सागर का हुआ लोकार्पण

मंत्री इंदर सिंह परमार ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण, जल संरचनाओं के संरक्षण के साथ नागरिक सुविधाओं पर जोर

उज्जैन। शहर के विकास और ऐतिहासिक जल संरचनाओं को संवारने की दिशा में नगर निगम को एक और उपलब्धि मिली है। गुरुवार को मध्य प्रदेश शासन के आयुष, उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार के मुख्य आतिथ्य में वार्ड क्रमांक 5 स्थित गंधर्व तालाब और पुरुषोत्तम सागर के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इस दौरान नगर निगम द्वारा कराए गए 5 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।

कार्यक्रम में सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद उमेशनाथ जी महाराज, उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष रवि सोलंकी, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष संजय अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद दिलीप परमार और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

गंधर्व तालाब को मिला नया स्वरूप

नगर निगम ने मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से गंधर्व तालाब का विकास और सौंदर्यीकरण कराया है। तालाब के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यहां पाथवे, बाउंड्रीवॉल, घाट, रेलिंग, फाउंटेन, प्रवेश द्वार, लाइटिंग, पौधारोपण और चौकीदार कक्ष सहित कई सुविधाएं विकसित की गई हैं।

इन कार्यों के बाद गंधर्व तालाब का स्वरूप पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और आकर्षक हुआ है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ श्रद्धालुओं को भी बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

पुरुषोत्तम सागर में भी विकास कार्य पूरे

अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से पुरुषोत्तम सागर के विकास कार्य पूरे किए गए हैं। यहां पाथवे और घाटों की मरम्मत, वॉल निर्माण, रेलिंग, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था तथा फाउंटेन जैसे कार्य कराए गए हैं।

विकास कार्य पूरे होने के बाद पुरुषोत्तम सागर क्षेत्र को भी बेहतर नागरिक सुविधाओं के साथ नया रूप मिला है। निगम का उद्देश्य इन महत्वपूर्ण जल संरचनाओं को संरक्षित करने के साथ आसपास के क्षेत्रों को सुविधाजनक और आकर्षक बनाना है।

जल संरचनाओं के संरक्षण पर निगम का जोर

नगर निगम की ओर से शहर की ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण जल संरचनाओं के संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है। गंधर्व तालाब और पुरुषोत्तम सागर में किए गए विकास कार्य इसी अभियान का हिस्सा हैं। इन परियोजनाओं से शहर में सार्वजनिक स्थलों की उपयोगिता बढ़ने के साथ जल संरचनाओं के संरक्षण को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान, जितेंद्र कुवाल, जोन अध्यक्ष विजय सिंह कुशवाहा, सुरेंद्र मेहर, पार्षद शिवेंद्र तिवारी, पंकज चौधरी, हेमंत गहलोत, गजेंद्र हिरवे, महामंत्री कमल बैरवा, मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह ठाकुर सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और वार्ड के नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button