बाबा महाकाल की चतुर्थ सवारी में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, श्रद्धालुओं को बांटे 11 हजार पौधे
रामघाट पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पौधों का वितरण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का लिया संकल्प

उज्जैन। बाबा महाकाल की चतुर्थ सवारी के दौरान इस बार पर्यावरण संरक्षण को विशेष संदेश के रूप में शामिल किया गया। पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्रद्धालुओं को विभिन्न प्रजातियों के करीब 11 हजार पौधों का वितरण किया गया।
रामघाट पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज, महापौर मुकेश टटवाल, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, महाकाल मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक और जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कुमट ने श्रद्धालुओं को पौधे वितरित किए।
इस पहल के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रकृति संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। श्रद्धालुओं ने भी अपने घर-आंगन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण करने का संकल्प लिया।
अधिकारियों ने कहा कि सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना भी जरूरी है। पौध वितरण जैसे अभियानों के जरिए शहर को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।



