भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुरू की ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा, 14 अगस्त तक प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
टीटी नगर स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चे, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संगठनों ने लिया हिस्सा; मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से घर-घर तिरंगा लगाने की अपील की

भोपाल। देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भोपाल में अभियान के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री निवास से लेकर टीटी नगर स्टेडियम तक माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया। मुख्यमंत्री निवास का स्टाफ हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए समत्व भवन तक पहुंचा। इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल से तिरंगा लेकर टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे।
टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के शुभारंभ की घोषणा की। यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों के साथ एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के कार्यकर्ता, व्यापारी, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से शुरू होकर महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड और सांदीपनि विद्यालय होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल पर राष्ट्रीय ध्वज लेकर न्यू मार्केट, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहे के रास्ते मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।
यात्रा के मार्ग में कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री और तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। विभिन्न संस्थाओं की ओर से देशभक्ति गीतों और बैंड की प्रस्तुतियां भी दी गईं।
मुख्यमंत्री की मोटरसाइकिल यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव का मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर निकलना लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थी और युवा मुख्यमंत्री की तस्वीर लेने के लिए उत्साहित नजर आए। यात्रा में युवाओं की भागीदारी ने पूरे कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया।
14 अगस्त तक चलेंगी अभियान की गतिविधियां
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 अगस्त से 14 अगस्त तक प्रदेशभर में चलेगा। इस दौरान गांवों, वार्डों, कस्बों और शहरों में तिरंगा यात्राओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष और सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की स्वतंत्रता, एकता और गौरव का प्रतीक है। अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के योगदान और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ना है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में भागीदारी करें और स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को जनभागीदारी के साथ मनाएं।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ भोपाल सांसद आलोक शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



